पटना। इजराइल बिहार में सब्जी एवं फलों का अनुसंधान केंद्र स्थापित करेगा। नालंदा में सब्जी एवं वैशाली में लीची-आम से संबंधित सेंटर लगेंगे। इससे उत्पादकों को फायदा होगा। वे उन्नत तरीके से सब्जी-फल का उत्पादन कर सकेंगे। भारत में इजराइल के राजदूत डेनियल कारमोन ने यह जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दी। डेनियल कारमोन ने बताया कि इजराइल कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में भारत को सहयोग कर रहा है। इसी कड़ी में बिहार में भी अनुसंधान केंद्र लगाने की योजना है। सभी केंद्रों में आधुनिक सुविधाएं रहेंगी। मुख्यमंत्री ने इजराइल के सहयोग पर आभार प्रकट किया। मौके पर राजदूत के राजनीतिक सलाहकार अदवा विलचिंसकी भी थे।
इजराइली राजदूत ने उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से मुलाकात के क्रम में बताया कि इजराइल ने जल प्रबंधन, कृषि उत्पादकता, आईटी और रक्षा के क्षेत्र में काफी प्रगति की है। सूचना प्रोद्योगिकी का इजराइल ने कृषि और रक्षा क्षेत्र में बेहतर उपयोग किया है। साथ ही
बिहार के विकास तथा इजराइल के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा हुई।