नई दिल्ली/एजेंसी। प्याज समेत सब्जियों और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में तेजी के कारण अगस्त में थोक मूल्य आधारित मुद्रास्फीति बढ़कर चार महीने के उच्च स्तर 3.24 प्रतिशत पर पहुंच गई। थोक मूल्य आधारित मुद्रास्फीति जुलाई 2017 में 1.88 प्रतिशत और अगस्त 2016 में 1.09 प्रतिशत थी। इससे पहले अप्रैल में मुद्रास्फीति में इस तरह की तेजी देखने को मिली थी, जब यह 3.85 प्रतिशत रही।
सरकार द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार अगस्त महीने में खाद्य पदार्थों की कीमत सालाना आधार पर 5.75 प्रतिशत बढ़ी, जो जुलाई में 2.15 प्रतिशत थी। इस महीने में सब्जियों के दाम 44.91 प्रतिशत बढ़े जबकि जुलाई में यह वृद्धि दर 21.95 प्रतिशत रही थी। इस दौरान प्याज के दाम 88.46 प्रतिशत बढ़े जबकि पहले इसमें 9.50 प्रतिशत की गिरावट आई थी।
विनिर्माण उत्पादों की मुद्रास्फीति अगस्त में 2.45 प्रतिशत बढ़ी जबकि जुलाई में इसमें 2.18 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई थी। ईंधन और बिजली खंड की मुद्रास्फीति इस दौरान 9.99 प्रतिशत हो गई। वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच पेट्रोल और डीजल के दामों में उछाल के चलते ईंधन मुद्रास्फीति बढ़ रही है।