मुख्य समाचार

बिहार के विकास से ही होगा देश का विकास : धर्मेंद्र प्रधान

 पटना। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि बिहार के विकास से ही देश का विकास होगा। बिहार को प्रकृति ने सबकुछ दिया है। यहां के लोग मेहनती एवं बुद्धिमान हैं। राज्य की सबसे बड़ी ताकत मानव संसाधन है। राज्य व केंद्र में एक सरकार होने से इसका पूरा लाभ बिहार को मिलेगा। उक्त बातें धर्मेंद्र प्रधान बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स के वार्षिक समारोह में कह रहे थे। 
पेट्रोलियम मंत्री ने बताया कि बिहार के लिए 1,25,000 करोड़ के पैकेज में पेट्रोलियम मंत्रालय को 25,000 करोड़ मिला है। प्रारंभ में 204 किलोमीटर गैस पाइप लाइन योजना पर काम हो रहा है। इस योजना के तहत पटना शहर पर 400 करोड़ की राशि खर्च होगी। वैशाली, बेगूसराय एवं पटना जिलों में पेट्रो केमिकल काॅम्पलेक्स बनाने की योजना है। इससे सीमावर्ती देश नेपाल, भूटान एवं बांगलादेश भी जुड़ सकेंगे। 
पेट्रो आधारित कई उद्योगों पर चर्चा करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सूबे के व्यवसायी इन क्षेत्रों में निवेश करें। सरकार उनके साथ है। शीघ्र ही भागलपुर की पहचान टेक्सटाइल क्षेत्र में फिर से बनेगी। एचपीसीएल सुपौल जिले में पुआल से इथेनाॅल बनाने का प्लांट लगाएगी। यह काम पायलट प्रोजेक्ट के तहत होगा। बिहार की महत्वपूर्ण योजनाओं की निगरानी के लिए मंत्रालय ने संयुक्त सचिव संदीप पौंड्रिक को जिम्मेवारी सौंपी है। उन्होंने चैंबर से कहा कि सूबे में मंत्रालय से संबंधित जिन-जिन उद्योगों की संभावना है। उसके लिए दो दिन की कार्यशाला रखें। मैं खुद इसमें शिरकत करूंगा। साथ ही अन्य राज्यों में इस क्षेत्र में हो रहे काम को यहां के उद्यमी देखें। दस दिन का कार्यक्रम होगा। सारा खर्च मंत्रालय वहन करेगा। 
सूबे के उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उद्योग में हम पीछे हैं। हालांकि इन्फ्रास्ट्रक्चर पहले से बेहतर हुआ है। युवाओं के लिए कई योजनाएं हैं, लेकिन बैंकों के सहयोग नहीं मिलने के कारण परेशानी हो रही है। नगर विकास व आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि विकास में व्यवसायियों का बड़ा योगदान है। हर कठिन परिस्थितियों में वे सहयोग के लिए तैयार रहते हैं। व्यवसायियों की हर परेशानी को मिलकर दूर करेंगे। 
बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने मंत्रालय की उज्ज्वला स्कीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इसका लाभ सूबे की तीन करोड़ आबादी को मिल रहा है। बिहार में पेट्रोकेमिकल संस्थान खोलने की बात रखी। साथ ही जगदीशपुर-हल्दिया पाइप लाइन में किए गए बदलाव पर विचार करने को कहा। कौशल विकास के क्षेत्र में चैंबर के किए गए कार्यों को भी बताया। मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए कई व्यवसायियों ने चेक उद्योग मंत्री को सौंपा। सर्वाधिक 10 लाख की राशि एल्केम इंडस्ट्री ने दी। 
मौके पर पटना की मेयर सीता साहू, आद्री के शैबाल गुप्ता, चैंबर के उपाध्यक्ष एनके ठाकुर, महासचिव अमित मुखर्जी, विशाल टेकरीवाल, शशि मोहन, पूर्व अध्यक्ष ओपी शाह समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी मौजूद थे। साथ ही विभिन्न आॅयल कंपनियों एवं जीएसटी के अधिकारी भी उपस्थित थे।      


संबंधित खबरें