मुख्य समाचार

जागरूकता से ही आग पर बचाव संभव : पीएन राय

 पटना। आग पर नियंत्रण के लिए जागरूकता जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही से बड़ी  घटना हो सकती है। अग्निशमन विभाग अपने स्तर से कार्य कर रहा है। इस कार्य में जनता भी आगे आए, तो काम आसान हो सकता है। उक्त बातें अग्निशमन सेवाएं के महासमादेष्टा सह महानिदेशक होमगार्ड पीएन राय ने कहीं। वह बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स परिसर में नई आग नीति एवं अग्नि सुरक्षा पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।  
महासमादेष्टा ने आग से बचाव के उपाय को एक प्रजेंटेशन के जरिए बताया। उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट एवं माॅल निर्माण में अग्निरोधी व्यवस्था को आर्किटेक्ट व इंजीनियर के साथ यूजर्स को भी समझना चाहिए। इससे आग पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सकता है। विभाग माॅक ड्रिल के जरिए लोगों को जागरूक कर रहा है। फिलहान पटना में छह फायर स्टेशन एवं 25 फिलिंग स्टेशन हैं। इनकी संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास हो रहा है। 
पीएन राय ने बताया कि जमीन की उपलब्धता के लिए बियाडा को कहा गया है। नई नीति के तहत हर दो किलोमीटर पर एक फिलिंग सेंटर अनिवार्य है। ंिवभाग का 101 नंबर के अलावा पांच और नंबर है। उन नंबर पर भी फोन किया जा सकता है। उन्होंने दुकान एवं उद्योगों में अग्नि से बचाव की जानकारी देने एवं जागरूकता के लिए चैंबर से सहयोग की उम्मीद जतायी। बीआईए को यह प्रस्ताव एक साल पहले दिया गया था, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। 
बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने गत एक वर्ष में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि फायर फाइटिंग सिस्टम का आधुनिकीकरण हुआ है। हालांकि अभी कई कमियां हैं, जिन पर काम होना जरूरी है। चैंबर के सदस्यों ने अपनी तरफ से कई सुझाव दिए। महासमादेष्टा पीके राय ने सुझावों पर अमल करने का आश्वासन दिया।  
मौके पर चैंबर के पूर्व अध्यक्ष ओपी शाह एवं मोती लाल खेतान, उपाध्यक्ष एनके ठाकुर, महासचिव अमित मुखर्जी, कोषाध्यक्ष विशाल टेेकरीवाल, चैंबर के सदस्य दिलजीत खन्ना, रंजीत प्रसाद सिंह एवं पशुपति पांडेय समेत कई कारोबारी मौजूद थे ।
 


संबंधित खबरें