मुख्य समाचार

ग्रामीणों को छह माह तक मुफ्त मिलेगी ब्रॉडबैंड सेवा

 पटना। बिहार की 6105 पंचायतों में शुरू के छह माह तक डिजिटल इंडिया के तहत भारत नेट मुफ्त ब्राॅडबैंड इंटरनेट की सुविधा देगा। उसके बाद बीएसएनएल, जियो, एयरटेल और वोडाफोन कंपनियां 75 फीसदी सस्ती दर पर ग्रामीणों को ब्राॅडबैंड सेवा उपलब्ध कराएंगी। पंचायतों में 5-6 वाई-फाई हाॅटस्पाॅट बनेंगे ताकि ग्रामीणों को इंटरनेट की सुविधा मिल सके। यह योजना देश की एक लाख पंचायतों में शुरू होगी। ब्रॉडबैंड सेवा से देश के ग्रामीण घर बैठे तमाम तरह की सरकारी सेवाओं के साथ मनोरंजन का भी लाभ ले सकेंगे। जानकारी उप मुख्यमंत्री सह आईटी मंत्री सुशील कुमार मोदी ने दी। केंद्रीय संचार मंत्री मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में दिल्ली के विज्ञान भवन में राज्यों के आईटी मंत्रियों की बैठक हुई।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्च 2019 तक बिहार की 2692 पंचायतों में ब्रॉडबैंड सेवा उपलब्ध करा दी जायेगी। केंद्र सरकार शीघ्र ही निविदा निकाल कर निजी क्षेत्र के सर्विस प्रोवाइडर को बिहार में दूसरे चरण का ऑप्टिकल फाइवर बिछाने का काम सौंपेगी। दूसरे चरण के काम को पूरा करने के लिए भारत सरकार ने 30,920 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। बिहार में जिन ग्राम पंचायतों तक ऑप्टिकल फाइवर बिछा दिया गया है, वहां पंचायत सरकार भवन या कॉमन सर्विस सेंटर में ब्रॉडबैंड उपकरण लगेंगे तथा उसकी देखभाल व सुरक्षा की जिम्मेवारी उन्हें दी जाएगी। 
डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत भारत नेट देश की सभी ग्राम पंचायतों को 2019 तक ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा से जोड़ेगा। स्वास्थ्य,शिक्षा व कृषि के साथ सरकार द्वारा निर्गत किए जाने वाले सभी प्रकार के प्रमाणपत्र व सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा। 


संबंधित खबरें