पटना। औद्योगिक क्षेत्रों में आग पर तुरंत नियंत्रण के लिए राज्य सरकार ने बरारी (भागलपुर), जेठुली (हाजीपुर) एवं बेला (मुजफ्फरपुर) में अग्निशमन केंद्रों की स्थापना का निर्णय लिया है। इन जगहों पर अग्निशमन की दो-दो यूनिट कार्य करेंगी। साथ ही कौशल विकास मिशन के अंतर्गत बांका जिला में एक औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र भी बनेगा। उक्त निर्णय मंगलवार को सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया। बैठक में 13 प्रस्तावों पर सहमति बनी।
औद्योगिक क्षेत्रों में अग्निशमन केंद्रों की स्थापना के अलावा नौ प्रमंडलीय शहरों में भी दो-दो यूनिट के 11 अग्निशमन केंद्र लगाने का निर्णय लिया गया। पटना में पाटलिपुत्र, सिपारा एवं फतुहा, भागलपुर में मोजाहिदपुर, मुजफ्फरपुर में भगवानपुर, पूर्णिया में गुलाबबाग, सहरसा में सोनवर्षा, मुंगेर में जमालपुर, दरभंगा में लहेरियासराय, छपरा में जेपी विश्वविद्यालय परिसर एवं गया के मानपुर में अग्निशमन केंद्र लगेंगे।