मुख्य समाचार

जू के आॅडिटोरियम कार्य को मार्च तक पूरा करने का निर्देश

पटना। संजय गांधी जैविक उद्यान में 100 सीट के निर्माणाधीन एसी आॅडिटोरियम कार्य को मार्च तक पूरा करने का निर्देश उप मुख्यमंत्री सह पर्यावरण व वन मंत्री सुशील कुमार मोदी ने दिया है। आॅडिटोरियम में वन्य जीवन व पर्यावरण संरक्षण से संबंधित फिल्म दर्शक देख सकेंगे। उप मुख्यमंत्री देश के चिड़ियाघरों से आए अधिकारियों के चार दिवसीय (11-14 दिसंबर) प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर संजय गांधी जैविक उद्यान में थे। इस दौरान उन्होंने इंटरप्रटेशन सेंटर व ओपन एयर थियेटर के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की।    
दर्शकों की संख्या में इजाफा : जू में आने वाले दर्शकों की संख्या में वृद्धि के लिए जू प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि 2014-15 में 21.85 लाख, 2015-16 में 22.61 लाख,  2016-17 में 29.16 लाख तथा इस साल नवंबर तक 15 लाख दर्शक जू में आए हैं। 2016-17 में टिकट से 8.51 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। चिड़िया घर के जानवरों को गोद लेने की योजना को गति दी जाएगी, जिसके अन्तर्गत कोई व्यक्ति किसी जानवर को गोद लेकर उसके साल भर के खर्च को वहन करेगा।  
ट्रैकलेस ट्वाॅय ट्रेन व बैटरी संचालित वाहन चलेंगे : उप मुख्यमंत्री ने चिड़िया घर के रख-रखाव के लिए संपूर्ण स्वच्छता, पाॅलिथीन फ्री परिसर, आॅन लाइन टिकट, वेब पोर्टल, आकर्षक ब्रोशर, ट्रैकलेस ट्वाॅय ट्रेन, बैटरी संचालित वाहन, साइकिल व कैंटीन आदि की बेहतर व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर इनक्लोजर के बाहर संबंधित जानवर के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की जाए। म्यूजियम की तरह चिड़िया घर में भी गाइड की नियुक्ति की जायेगी, जो दर्शकों को वहां के जानवरों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। 
 


संबंधित खबरें