मुख्य समाचार

बैंक ग्राहकों का पैसा सुरक्षित, अफवाह पर नहीं दें ध्यान

नई दिल्ली/एजेंसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि बैंक ग्राहकों का पैसा सुरक्षित है । उन्हें अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। वित्तीय समाधान एवं जमा बीमा विधेयक (एफआरडीआई) को लेकर फैलाई जा रही अफवाह को दूर करने का आहवान उद्योग जगत से किया। सरकार बैंक ग्राहकों और उनकी जमा पूंजी की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री देश के शीर्ष उद्योग मंडल फिक्की की 90वीं वार्षिक आम सभा को संबोधित कर रहे थे। 
मोदी ने कहा कि सरकार देश के बैंकों को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है। फिक्की जैसे संगठनों को सरकार, उद्योग, बैंक और जनता के बीच तालमेल बिठाने का काम करना चाहिए । एफआरडीआई विधेयक 2017 को लेकर कुछ लोगों ने आशंकाएं व्यक्त की हैं। उनका कहना है कि इस प्रावधान के रहते बैंकों में जमा पूंजी रखने वाले ग्राहकों को नुकसान हो सकता है। यह विधेयक अगस्त में लोकसभा में पेश किया गया था। विधेयक इस समय संयुक्त संसदीय समिति के विचाराधीन है। इस विधेयक में कहा जा रहा है कि वित्तीय संस्थानों बैंकों, बीमा कंपनियों और गैर बैंकिंग संस्थानों के दिवालिया होने की स्थिति में एक निगम बनाने का प्रस्ताव है। यह निगम पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेगा और ऐसे संस्थानों को दिवालिया होने से बचाने के लिए कदम उठायेगा। यह इन संस्थानों की देनदारी को समाप्त कर सकता है। इस प्रावधान को बेल-इन का नाम दिया गया है।
 


संबंधित खबरें