पटना। केंद्र सरकार ने रबी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय कर दिया है। 2018-19 में विपणित की जाने वाली रबी फसलों के लिए 2017-18 मौसम में न्यूनतम समर्थन मूल्य एवं बोनस निर्धारित हो गया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य वह दर है, जिस पर सरकार किसानों से खाद्यान्न की खरीद करती है। एमएसपी से किसानों का लाभ होगा एवं उनकी आय में वृद्धि होगी।
2017-18 मौसम के लिए गेहूं का एमएसपी 1735 रुपये प्रति क्विंटल व जौ का एमएसपी 1410 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। चना के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देते हुए 4400 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसी तरह मसूर का एमएसपी 4250 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जिसमें 100 रुपये प्रति क्विंटल बोनस शामिल है। रेपसीड-सरसों तथा कुसुम के लिए 100-100 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देते हुए इनका एमएसपी क्रमशः 4000 रुपये एवं 4100 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि मोटे अनाज सहित अनाजों के मामले में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) एवं अन्य नामित राज्य की एजेंसियां किसानों को समर्थन मूल्य देना जारी रखेगी।