नई दिल्ली/एजेंसी। जीएसटी लागू होने के बाद राज्यों को बड़ा राजस्व घाटा हुआ है। जुलाई-नवंबर में राज्यों को हुए राजस्व घाटे को देखते हुए केंद्र सरकार ने 24,500 करोड़ रुपये का मुआवजा जारी किया है। इस मद में बिहार को 1746 करोड़ रुपये मिला है। यह जानकारी शुक्रवार को सरकार ने संसद में दी।
जीएसटी मुआवजा के तहत जारी फंड में कर्नाटक को केंद्र से सबसे अधिक 3,271 करोड़ रुपये मिले हैं। उसके बाद गुजरात को 2,282 करोड़ रुपये और पंजाब को 2,098 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला ने शुक्रवार को एक लिखित प्रश्न के जवाब में बताया कि जीएसटी लागू होने के बाद राज्यों को जुलाई से नवंबर के बीच हुए राजस्व घाटे को देखते हुए दो महीने मुआवजा जारी किया गया है। इसी तरह राजस्थान को 1,911 करोड़ रुपये, यूपी को 1,520 करोड़ रुपये, पश्चिम बंगाल को 1,008 करोड़ रुपये और ओडिशा को 1,020 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।