पटना । बिहार के सभी जिलों में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है। कुछ मुनाफाखोर यूरिया की कमी की अफवाह फैला रहे हैं। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने अन्नदाता किसान से इस तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अनावश्यक यूरिया खरीद कर घर में स्टाॅक करने की भी आवश्यकता नहीं है। हर समय पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध रहेगा ।
बिहार में लगातार यूरिया की आपूर्ति हो रही है। जनवरी में भी 2.20 लाख मीट्रिक टन यूरिया का आवंटन मिला है। इसे रैक के जरिए विभिन्न जिलों में भेजा जा रहा है। उर्वरक की बिक्री एक जनवरी 2018 से पीओएस मशीन के जरिए हो रही है। उर्वरक की कीमत 295 रुपये प्रति पैकेट (50 किलोग्राम) है।
यूरिया के स्टाॅक को वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। कोई भी व्यक्ति किसी समय एमएफएमएस वेबसाइट पर जाकर डीबीटी रिपोर्ट में इसे देख सकता है कि किन विक्रेताओं के पास कौन सा उर्वरक कितनी मात्रा में उपलब्ध है। अब कोई भी विक्रेता उर्वरक की उपलब्धता को छिपा नहीं सकेगा। पीओएस मशीन से बिक्री होने पर उर्वरक के परिचालन में पारदर्शिता बनी रहेगी।