मुख्य समाचार

खेती की नई जानकारी देने में मददगार होगा एग्री एक्सपो

पटना । एग्री एक्सपो 2018 (11-13 जनवरी) का उद्घाटन कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने किया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) पटना ने प्रोफेशनल एग्रीकल्चरल मैनेजमेंट सर्विस (पीएएमएस) नई दिल्ली के सहयोग से एक्सपो का आयोजन किया है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों तक कृषि संबंधित नवीनतम तकनीक व जानकारियों को पहुंचाना है। 
कृषि मंत्री ने किसानों से इस कार्यक्रम का अधिक-से-अधिक लाभ उठाने के लिए कहा। उन्होने कहा कि कृषि उत्पादन,उत्पादकता एवं किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार सभी पंचायतों में किसान चौपाल का आयोजन करेगी। हर पंचायत में कृषि कार्यालय खोलने की व्यवस्था की जा रही है। किसानों के लिए कृषि यंत्र की खरीद के लिए आॅनलाईन आवेदन की व्यवस्था की गई है। अनुदान की राशि डीबीटी से उनके खाते में चली जायेगी। 
उन्होंने किसानों को जैविक खेती के लिए भी प्रेरित करते हुए कहा कि सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए संकल्पित है। किसानों के लिए हर आवश्यक सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न जिलों के 6 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया।  
कृषि उत्पादन आयुक्त सुनिल कुमार सिंह ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कृषि लागत कम करने, उत्पादन बढ़ाने व कृषि बाजार की व्यवस्था पर जोर दिया। 
इस अवसर पर आईसीएआर पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के निदेशक डाॅ बीपी भट्ट, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ रामेश्वर सिंह, कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान,पटना के निदेशक डाॅ अंजनी कुमार एवं पीएएमएस के निदेशक एम.एस.यादव उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें