पटना। दरभंगा से उड़ान योजना के तहत मुंबई, बेंगलुरु और दिल्ली के लिए अगले छह माह में विमान सेवा शुरू हो सकती है। यात्रियों की बढ़ रही संख्या के मद्देनजर पटना एयरपोर्ट पर सुविधाओं में वृद्धि की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय टीम 24 जनवरी को पटना आ रही है। पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का काम भी अप्रैल से शुरू हो जायेगा। बिहटा एयरपोर्ट के लिए राज्य सरकार अधिगृहित 108 एकड़ जमीन शीघ्र ही एयरपोर्ट अथाॅरिटी को सौंप देगी। उक्त जानकारी उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने नागरिक विमानन सचिव आर.एन.चौबे और एयरपोर्ट अथाॅरिटी आॅफ इंडिया (एएआई) के अधिकारियों के साथ बिहार भवन, नई दिल्ली में बैठक के बाद दी।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि स्पाइस जेट और इंडिगो ने उड़ान योजना के अंतर्गत दरभंगा से मुंबई, बेंगलुरु और दिल्ली की सेवा के लिए निविदा डाली है। एयरफोर्स के अधीन दरभंगा एयरपोर्ट पर टर्मिनल भवन और प्रवेश के लिए अगर सरकार जमीन उपलब्ध करा देती है, तो अगले छह महीने में वहां से उड़ान सेवा शुरू हो सकती है।
नये टर्मिनल बनने तक पटना एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं में वृद्धि के मद्देनजर 24 जनवरी को एएआई और सीआईएसएफ के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम राज्य सरकार के साथ समीक्षा बैठक करेगी। बैठक में वेटिंग लाउंज, प्रवेश द्वार और सुरक्षा जांच के लिए एक्सरे मशीन की संख्या बढ़ाने पर विचार होगा। पटना एयरपोर्ट पर बनने वाले 803 करोड़ की लागत से 45 लाख यात्रियों की क्षमता वाले नए टर्मिनल के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट और डिजाइन की स्वीकृति मिल चुकी है। शीघ्र निविदा स्वीकृत कर अप्रैल से काम शुरू होगा। बिहटा में भी जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया के बाद प्रोजेक्ट कंसलटेंट की नियुक्ति और निविदा फाइनल कर इस साल के अंत तक कार्य शुरू होने की संभावना है।