पटना । कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि आम बजट किसान, गरीब एवं गांवों के विकास को समर्पित है। किसानों को उनकी लागत का डेढ़ गुना दिलवाने की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि सब्जी और फल उत्पादक किसानों के लिए ऑपरेशन ग्रीन एक कारगार कदम होगा। जिस तरह अमूल ने दुग्ध उत्पादक किसानों को उचित मूल्य दिलवाया है। उसी तरह अब सब्जी और फल उत्पादक किसानों को इस कदम से व्यापक लाभ होगा।
आलू एवं प्याज के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए आॅपरेशन ग्रीन योजना चलाई जायेगी। देश के अलग-अलग जिलों एवं वहां के कृषि उत्पादों को ध्यान में रखते हुए गोदाम बनाने की योजना भी सराहनीय है। देश में अब सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मिलेगा।
डाॅ प्रेम ने कहा कि अभी तक देश में काॅरपोरेट सेक्टर को ही इनकम टैक्स में छूट का प्रावधान था, लेकिन फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ) को भी अब यह लाभ मिलेगा। यह कृषि के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। गांवों के विकास पर सरकार का विशेष ध्यान है। केसीसी से किसानों को आसानी से लोन मिलेगा। इसके लिए 11 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सभी कृषि हाट को मंडियों के रूप में स्थापित किया जायेगा।
आयुष्मान भारत योजना का लाभ देश के 10 करोड़ लोगों को मिलेगा। गोबर धन योजना से किसानों की आमदनी बढ़ेगी। इनके अतिरिक्त बजट में 2022 तक हर गरीब को अपना घर देने का लक्ष्य रखा गया है। 8 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन व 4 करोड़ गरीब के घरों को मुफ्त बिजली कनेक्शन आदि ऐतिहासिक घोषणाएं बजट में की गई है। बजट में ग्रामीण भारत पर फोकस किया गया है।