मुख्य समाचार

5 लाख लोगों को उद्यमिता प्रशिक्षण देगी सरकार 

पटना । अधिवेशन भवन में आयोजित एसबीआई के मेगा ऋण वितरण समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत सरकार 5 लाख लोगों को प्रशिक्षित करेगी। बैंक युवा, उद्यमियों व महिलाओं को ऋण देने में कोताही नहीं बरते। बैंक सरकार के सहयोग से काॅलेज परिसर में शिविर लगा कर युवकों को डिजिटल लेन-देन के लिए प्रोत्साहित करे।  
मोदी ने कहा कि बिहार के युवा मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में आगे आएं और रोजगार प्रदाता बने। मुद्रा योजना के तहत देश में अब तक 10 करोड़ 38 लाख लोगों को 4 लाख 60 हजार करोड़ का ऋण वितरित किया जा चुका है, जिनमें 76 प्रतिशत महिलाएं और 50 प्रतिशत एससी- एसटी और ओबीसी लाभान्वित हुए हैं। भारत सरकार का वर्ष 2018-19 में 3 लाख करोड़ मुद्रा योजना के अंतर्गत ऋण देने का लक्ष्य है।  
चालू वित्त वर्ष में बिहार में बैंकों द्वारा वितरित किए जाने वाले 1.10 लाख करोड़ के ऋण में स्टेट बैंक अकेले 19 हजार करोड़ बांटेगी। सरकार सभी योजनाओं की राशि लाभुकों को सीधे उनके खाते में भुगतान कर रही है, जिससेे बिचैलियों और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। आम लोगों से अपने पैसों को नाॅन बैंकिंग कंपनियों की जगह सरकारी बैंकों में जमा करने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिकतर नाॅन बैंकिंग कंपनियां धोखाधड़ी कर भाग जाती हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोग बैंकों से कर्ज लेकर उद्यम-व्यवसाय शुरू करें और अन्य लोगों को भी रोजगार दें तथा कर्ज समय पर वापस करें। उन्होंने स्टेट बैंक की मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, पीएम आवास योजना व स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के तहत चयनित 1976 लोगों में से 15 को ऋण प्रमाणपत्र वितरित किया।    
 


संबंधित खबरें