मुख्य समाचार

विक्रमशिला केंद्रीय विवि को दें जमीन, सरकार देगी राशि

कहलगांव, भागलपुर । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि विक्रमशिला भी केंद्रीय विश्वविद्यालय बनेगा, लेकिन इसके लिए जमीन की जरूरत है। जनता सहयोग करे। सरकार धन उपलब्ध कराएगी। बिहार बुद्ध, महावीर, चाणक्य व आर्यभट्ट की भूमि है। नालंदा की तरह विक्रमशिला का भी पुनरुद्धार होगा। सभी के सहयोग से यह काम होगा। बटेश्वर गंगा पंप नहर परियोजना के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री कहलगांव के आम्रपाली मैदान में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।

सीएम ने कहा कि बटेश्वर गंगा पंप नहर परियोजना का फायदा भागलपुर जिले के कहलगांव, पीरपैंती एवं सन्हौला प्रखंडों के साथ झारखंड के गोड्डा जिले को मिलेगा। परियोजना से 21,700 हेक्टेयर में सिंचाई होगी। इसी तरह झारखंड में भी बन रहे कैनाल का लाभ बिहार को मिलेगा। सभी परियोजनाओं का काम जलसंसाधन विभाग देख रहा है। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण की जिम्मेवारी विभाग के पास है। भूमि अधिग्रहण के साथ तकनीकी समस्या है, जिसे शीघ्र दूर किया जाएगा। सरकार न्याय के साथ विकास पथ पर बढ़ रही है, लेकिन सही परिणाम सामाजिक सुधार के साथ ही आएगा। शराबबंदी एवं बाल विवाह-दहेज प्रथा उन्मूलन के लिए अभियान जारी है।    

कृषि रोड मैप की उपलब्धियों पर नीतीश ने कहा कि पहले और दूसरे रोड मैप में अनाज उत्पादन में इजाफा हुआ है। साथ ही किसानों की आय भी बढ़ी है। तीसरे रोड मैप में किसानों की आमदनी में और इजाफा करने के साथ हर हिंदुस्तानी की थाल में बिहार का एक व्यंजन पहुंचाना लक्ष्य है। बिजली की स्थिति अब बेहतर है। बचे टोलों में अप्रैल तक बिजली पहुंच जाएगी। दिसंबर, 2018 तक हर इच्छुक व्यक्ति को बिजली का कनेक्शन मिल जाएगा। इसी तरह हर गांव में सड़क बन गई है। बचे टोलों में भी काम हो जाएगा। पक्की गली-नाली का भी काम हो रहा है। लोक सेवा अधिकार कानून का लाभ भी लोगों का मिल रहा है। 

डिप्टी सीएम : उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि डाॅल्फिन व दर्शनीय स्थल देखने के लिए बटेश्वर से सुल्तानगंज तक वोट चलेगा। किसानों की सुविधा के लिए बिजली का अलग फीडर तैयार हो रहा है। सरकार हर क्षेत्र में विकास के प्रति गंभीर है। 

मौके पर जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सदानंद सिंह, सांसद कहकशां परवीन, प्रधान सचिव अरूण कुमार सिंह, सीएम के सचिव अतीश चंद्रा, प्रमंडल आयुक्त राजेश कुमार, आईजी सुशील खोपड़े, डीआईजी विकास वैभव, डीएम एवं एसपी समेत कई गण्यमान्य मौजूद थे।       
 


संबंधित खबरें