पटना । याद आ रही है, तेरी याद आ रही है --। लव स्टोरी फिल्म (1981) के इस गाने के मशहूर सिंगर अमित कुमार ने अपनी आवाज से गांधी मैदान में शमां बांध दिया। बड़े अच्छे लगते हैं, ये धरती, ये नदियां-, ये जमीन गा रही है, आसमां गा रहा है -, रोज-रोज आंखों तले, एक ही सपना जले-, जिंदा हूं मैं, एक परिंदा हूं-। महान गायक किशोर कुमार के पु़त्र अमित कुमार ने अपने गानों से मौजूद भीड़ की खूब वाह-वाह ली।
किशोर कुमार के गानों मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू-, मेरे नसीब में ए दोस्त, तेरा प्यार नहीं-, एक अजनबी हसीना से यूं मुलाकात हो गई- से भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वे वसंत उत्सव 2018 के उद्घाटन समारोह के मौके पर गांधी मैदान में मौजूद थे। 12 दिवसीय (१६ से २७ फरवरी ) समारोह का आयोजन कला, संस्कृति व युवा विभाग एवं श्री कृष्ण स्मारक विकास समिति ने किया है।
अमित कुमार ने बताया कि वे छठी बार पटना आ रहे हैं। यहां के लोग काफी अच्छे हैं। भागलपुर की चर्चा करते हुए कहा कि मेरे चाचा अशोक कुमार (एक्टर) का जन्म भागलपुर में ही हुआ था। पिताजी किशोर कुमार का बचपन भी भागलपुर में बीता था। इसलिए बिहार से हमलोगों का पुराना संबंध है।
डिप्टी सीएम : वसंत उत्सव 2018 का उद्घाटन करते हुए उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि आज गांधी मैदान सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया है। यह अच्छी बात है। इसके लिए उन्होंने कला, संस्कृति व युवा विभाग को धन्यवाद दिया।
मौके पर हिमाचल प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष राजीव बिंदल, कला, संस्कृति व युवा विभाग के मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, एडीजी आलोक राज, प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद, प्रमंडल आयुक्त आनंद किशोर एवं डाॅ आशुतोष त्रिवेदी समेत कई गण्यमान्य लोग मौजूद थे।