पटना। विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी ने कहा बिहार संपन्न प्रदेश नहीं है, लेकिन हम दिल से उदार हैं। सूबे की भौगोलिक स्थिति भी ठीक नहीं है। हर साल बाढ़ की त्रासदी झेलनी पड़ती है। बाढ़ भी अपनी नदियों से नहीं बल्कि पड़ोसी देश नेपाल से है। सीपीए सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा बिहार को आयोजन का श्रेय मिला। इसके लिए हम लोकसभा स्पीकर के आभारी हैं।
विजय चौधरी ने कहा बिहार बौद्धिक रूप से जागरूक है। समाज को आगे बढ़ाने में हम तत्पर हैं। राज्य के कई अधिनियम भूमि सुधार, सीलिंग एक्ट, पंचायती राज में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण व शराबबंदी कानून मिसाल हैं।
डिप्टी सीएम : डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा भ्रष्टाचार एक बड़ा मुद्दा है। राज्य सरकार इसमें और पारदर्शिता लाने की कोशिश कर रही है। 2005 में बिहार में जब एनडीए की सरकार बनी तब निर्णय लिया गया कि हर साल सभी मंत्री, विधायक एवं वरीय अधिकारी अपनी संपत्ति का ब्योरा देंगे। दल-बदल कानून की भी उन्होंने चर्चा की।