पटना । राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि किसानों को उनकी फसल की अच्छी कीमत मिले। इसके लिए व्यवस्था होनी चाहिए। चंपारण में जहां ब्रिटिश ने किसानों पर अत्याचार किया, वहीं आज बाजार इनका शोषण कर रहा है। किसान प्रतिदिन गरीब हो रहा है। राज्य सरकार के तीसरे कृषि रोडमैप की सराहना करते हुए कहा कि देश में दूसरी हरित क्रांति बिहार से आएगी। राज्यपाल विधान परिषद सभागार में चंपारण एग्रेरियन बिल 1918 के 100 वर्ष पूरा हाने पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सीएम : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आजादी की लड़ाई में चंपारण सत्याग्रह की अहमियत है। गांधी जी के यहां आने से अंग्रेज परेशान हो गए और उन्हें झुकना पड़ा। जमीन विवाद के निबटारे के लिए नए सिरे से सर्वे और सेटलमेंट का काम हो रहा है। तीन वर्षों में यह काम पूरा हो जाएगा।
डिप्टी सीएम : डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि गांधीजी ने चंपारण सत्याग्रह से बताया कि अहिंसा में बड़ी ताकत है। उन्होंने समाज सुधार के लिए काफी काम किया। बंटाईदार किसानों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
मौके पर विधान सभा के अध्यक्ष विजय चौधरी, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद, मंत्री विनोद नारायण झा व प्रमोद कुमार, सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह व हरिवंश, गांधीवादी डॉ रजी अहमद , डॉ रामवचन राय समेत कई गण्यमान्य उपस्थित थे।