पटना, बिहार कारोबार न्यूज । कृषि वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, कृषि के बदलते परिवेश एवं बढ़ती जनसंख्या के बीच किसानों की आमदनी को बढ़ाना चुनौतीपूर्ण हो गया है। पिछले पांच वर्षों का आंकड़ा देखें, तो माॅनसून काफी अनियमित रहा है। यह खेती को प्रभावित कर रहा है। ऐसी परिस्थिति में कृषि वैज्ञानिकोें का यह दायित्व बनता है कि कृषि की उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक अनुसंधान कर नये तकनीक को विकसित करें। अनुसंधान में जितनी भी राशि की आवश्यकता होगी। सरकार उपलब्ध करायेगी। वैज्ञानिक एवं अन्य कर्मियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जायेगा।
लोहिया नगर, पटना स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र में बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर समेत सूबे के कृषि अनुसंधान केंद्रों के कार्यों की समीक्षा कृषि मंत्री ने की। इस मौके पर एपीसी सुनिल कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुधीर कुमार, बिहार कृषि विश्वविद्यालय के वीसी डाॅ अजय कुमार सिंह, उद्यान निदेशक डाॅ अरविंदर सिंह समेत कृषि पदाधिकारी एवं कृषि वैज्ञानिक उपस्थित थे।