पटना/मुंबई/बिहार कारोबार न्यूज । ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज बिहार में बिस्कुट निर्माण की एक और यूनिट व प्रिंस पाइप एंड फिटिंग्स प्रा. लि. ने पीवीसी पाइप की फैक्ट्री लगाने के लिए एक हजार करोड़ से अधिक के निवेश का प्रस्ताव दिया है। ये प्रस्ताव मुंबई में बिहार निवेश प्रोत्साहन समिति की ओर से आयोजित इन्वेस्टर मीट में आए हैं। जानकारी उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने दी। वह दो दिवसीय इन्वेस्टर मीट में शिरकत कर रहे हैं।
साथ ही अशोका बिल्डकाॅन और जरबिया ने सस्ती कीमत के मकान और जुपिटर हाॅस्पिटल के सीईओ अजय ठक्कर ने बिहार में शंकर नेत्रालय के तर्ज पर आई अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। जेएम फिनांसियल्स ने बिहार सरकार को कम दर पर बाजार से ऋण की उगाही कैसे करें पर सुझाव दिया। इन्वेस्टर मीट में दो दर्जन से अधिक कंपनियां शामिल हुईं।
इन्वेस्टर मीट में बिहार के निवेश आयुक्त आर एस श्रीवास्तव, ब्रिटानिया के प्रबंध निदेशक वरुण बेरी, प्रिंस पाइप के चेयरमैन जयन्त चेधा, अशोका बिल्डकाॅन के कार्यकारी निदेशक मिलापराज बंसल, जरबिया के चेयरमैन राहुल नाहर, स्टार टीवी इंडिया के सीईओ उदय शंकर, जेएम फिनांसियल्स के चेयरमैन निमेश कमपानी, आरबीएल बैंक के प्रबंध निदेशक विश्ववीर आहुजा एवं आरबीआई के पूर्व डिप्टी गर्वनर आनंद सिन्हा शामिल हुए।
बिहार दिवस पर आयोजित भोज में एलआईसी के चेयरमैन विजय कुमार शर्मा, न्यूटन और बर्फी फिल्मों में अभिनय करने वाले बिहार के कलाकार पंकज त्रिपाठी, बिहार से जुड़े राजस्व व पुलिस सेवा के दर्जनों अधिकारी शामिल हुए।