पटना/बिहार कारोबार न्यूज । उप मुख्यमंत्री सह वित्तमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राज्यवासियों से अपील की है कि वे नगदी को लेकर परेशान न हो। एक-दो दिन में कैश का प्रवाह सभी बैंकों में सामान्य हो जायेगा। मुख्य सचिवालय के सभाकक्ष में आरबीआई व सूबे में कार्यरत प्रमुख बैंकों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने उक्त जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि रबी फसल तैयार होने और शादी के मौसम की वजह से सामान्य से कुछ ज्यादा नगद निकालने के कारण कुछ जिलों में कैश की थोड़ी कमी हुई है, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है। आरबीआई के सहयोग से बैंक वहां शीघ्र ही कैश की आपूर्ति सामान्य करने में लगे हैं। दूसरे राज्यों से भी बिहार में पर्याप्त नगद की आपूर्ति शुरू हो गई है। केंद्र सरकार भी प्राथमिकता के आधार पर कैश की किल्लत को दूर करने में जुटी है।
बैठक में आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक एन पी टोपनो के अलावा एसबीआई, बैंक आॅफ इंडिया, बैंक आॅफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक, यूको बैंक, इलाहाबाद बैंक, केनरा बैंक व एक्सिस बैंक के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सभी ने आश्वत किया कि बैंकों में कैश की कोई दिक्कत नहीं है। तकनीकी कारणों से कुछ एटीएम खराब हैं, जिन्हें शीघ्र ही ठीक कर लिया जायेगा । वित्त विभाग की प्रधान सचिव सुजाता चतुर्वेदी भी बैठक में मौजूद थीं।