पटना/बिहार कारोबार न्यूज । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कॉम्फेड की छह नई परियोजनाओं का बापू सभागार में शुभारंभ किया। परियोजनाएं 144.67 करोड़ की हैं। काॅम्फेड के 35 वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने पटना एवं बिहारशरीफ में 20 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता के आईसक्रीम प्लांट, हाजीपुर एवं समस्तीपुर में 30 टन प्रतिदिन क्षमता के मिल्क पाउडर प्लांट, सुपौल में एक लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के डेयरी और पटना में 300 टन प्रतिदिन क्षमता के पशु आहार प्लांट को रिमोट से लांच किया। मुख्यमंत्री ने सुधा पशु आहार पर 2 रुपये अनुदान देने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कॉम्फेड ने अच्छी सफलता प्राप्त की है। 2005 में जब बिहार की सत्ता संभाली थी तब दूध संग्रहण क्षमता चार लाख लीटर थी, जो अब 20.85 लाख लीटर हो गयी है। प्रतिस्पर्धा को देखते हुए सुधा को अपने उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
डिप्टी सीएम : उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि यदि प्रयास किया जाए, तो अगले एक साल में काॅम्फेड हरियाणा को पीछे छोड़ कर 8 वें स्थान पर आ सकता है। 35 वर्षों में सुधा के उत्पाद ब्रांड के रूप में स्थापित हो चुके हैं। देशी नस्ल के पशुओं के विकास व संरक्षण की आवश्यकता है। केंद्र सरकार के सहयोग से डुमरांव (बक्सर) में एक केंद्र की स्थापना हो रही है, जिसका लाभ बिहार को मिलेगा।
महिलाओं की सहभागिता से इस आंदोलन को आने वाले दिनों में और गति मिलेगी। दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए किसानों को अनाज के साथ हरा चारा के उत्पादन पर भी ध्यान देना होगा। तीसरे कृषि रोड मैप में अगले पांच साल में दूध संग्रहण के लक्ष्य को प्रतिदिन 16 लाख लीटर से बढ़ा कर 26 लाख लीटर तथा दूध प्रसंस्करण को 33 लाख लीटर से बढ़ा कर 50 लाख लीटर करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पशुपति कुमार पारस एवं राणा रणधीर सिंह, मुख्य सचिव अंजनी सिंह, सचिव एन. विजयालक्ष्मी समेत कई अधिकारी मौजूद थे।