पटना/बिहार कारोबार न्यूज । बिहार सबसे अधिक युवा आबादी वाला राज्य है। 2020 तक बिहार के एक करोड़ युवाओं को हुनरमंद बनाने का लक्ष्य है। इससे इन्हें बेहतर रोजगार मिल सकेगा। सरकार हर स्तर पर युवाओं की सहायता करना चाहती है। इसके लिए कई प्रयास हो रहे हैं। उक्त बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वेटनरी कॉलेज मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता 2018 का उद्घाटन करते हुए कहीं। प्रतियोगिता का आयोजन श्रम संसाधन विभाग ने किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग ने अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए हुनर कार्यक्रम चलाया। इसके अच्छे परिणाम दिखे। 12 वर्षों में बिहार के हर क्षेत्र में काम हुआ है। 2005 में बिहार का बजट 22 हजार करोड़ था, जो अब 1.80 लाख करोड़ हो गया है। बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए जमीन की व्यवस्था हो गयी है। शीघ्र ही यह अपने भवन में जाएगा। अभी इसका संचालन पटना से हो रहा है।
डिप्टी सीएम : उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘स्किल इंडिया’ का सपना ‘स्किल बिहार ’ के बिना पूरा नहीं हो सकता है। बिहार की आधी आबादी (15-65 आयुवर्ग) कार्यशील है। इनमें 15-30 आयुवर्ग के युवाओं की संख्या 2 करोड़ से ज्यादा है। कभी अधिक आबादी अभिशाप माना जाता था, लेकिन इस समय बिहार की कार्यशील आबादी बिहार सहित पूरे देश के लिए वरदान है।
बिहार के इसी युवा आबादी को हुनरमंद बनाने के लिए सरकार ने हर जिले में पाॅलिटेक्निक संस्थान, महिला आईटीआई व प्रखंडों में एक से अधिक प्रशिक्षण केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। युवाओं के प्रशिक्षण के लिए राज्य सरकार के 15 विभागों के अंतर्गत 107 पाठ्यक्रम निर्धारित किए हैं। सरकार की सोच है कि युवाओं के हाथ में अगर हुनर होगा, तो उन्हें देश में कहीं भी रोजी-रोटी कमाने से कोई रोक नहीं सकता है।
इस अवसर पर श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, सीएम के सचिव अतीश चंद्रा, विधायक संजीव चौरसिया, कौशल विकास निगम के एमडी मनीष कुमार समेत कई अधिकारी व कंपनियों के सीईओ मौजूद थे।