मुख्य समाचार

लीची स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित, अफवाह पर नहीं दें ध्यान

पटना/बिहार कारोबार न्यूज। लीची स्वास्थ्य के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। इसमें बायोएक्टिव कंपाउंड होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। लीची के संदर्भ में अफवाह फैल रही थी कि इसके खाने से बच्चों में  जापानी इन्सेफेलाइटिस की बीमारी फैल रही है। यह पूर्णतः भ्रामक एवं असत्य है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने भी सहमति प्रदान की है। 

इस अफवाह से लीची उत्पादक, वितरक, विक्रेता एवं उपभोक्ता सशंकित हैं और कुछ हद तक लीची का कारोबार बाधित हो रहा है। इस संबंध में कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि लीची के संदर्भ में फैले अफवाह के विरूद्ध लीची उत्पादक, वितरक, विक्रेता एवं उपभोक्ता सभी को जागरूक करने की आवश्यकता है। 

लीची बिहार का एक प्रमुख फल है। लीची में विभिन्न प्रकार के पोलिफेनोल्स, डाइएट्री फाइबर, एंटी-आॅक्सिडेंट, विटामिन और खनिज तत्व पाये जाते हैं,जो स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं। भारतीय आयुर्वेद में भी लीची के लाभ और स्वास्थ्य वर्धक गुणों का उल्लेख किया गया है। लीची खाने से किसी भी बीमारी के फैलने का खतरा नहीं पाया गया है। लीची के फल स्वादिष्ट, स्वास्थ्यवर्धक और पूर्णतः सुरक्षित है। 

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने लीची उत्पादक, विक्रेताओं एवं उपभोक्ताओं से अपील की है कि लीची खाने से किसी बीमारी के होने के अफवाहों में न आएं तथा लीची के पौष्टिक गुणों और स्वाद का उपभोग करें।
 


संबंधित खबरें