पटना/नई दिल्ली/एजेंसी। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 14 दिनों से लगातार बढ़ने का सिलसिला जारी है। रविवार (27 मई ) को पटना में पेट्रोल की कीमत 83.55, दिल्ली में 78.12, कोलकाता में 80.76, चेन्नई में 81.11 रुपये और मुंबई में 85.93 प्रति लीटर रही।
इसी तरह डीजल की कीमत पटना में 73.73, दिल्ली में 69.06, कोलकाता में 71.61, मुंबई में 73.53 और चेन्नई में 72.91 रुपये प्रति लीटर रही। कीमत वृद्धि का जनजीवन पर असर पड़ रहा है। सामान की कीमत बढ़ रही है।
पेट्रोलियम मंत्री का आश्वासन बेअसर : तेल की बढ़ती कीमत पर 24 मई को पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा था कि सरकार इस स्थिति से निबटने के लिए जल्द ही कोई समाधान निकालेगी। पेट्रोलियम मंत्री और नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने तत्काल राहत के लिए राज्यों से वैट घटाने की अपील के साथ पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी में लाने की वकालत की थी, लेकिन अब तक इसका कोई समाधान नहीं निकला।
जीएसटी से कीमत पर पड़ेगा मामूली असर : इधर, जीएसटी नेटवर्क समिति के प्रमुख सह बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने 26 मई को कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों को जीएसटी के दायरे में लाने से कीमत में मामूली कमी आएगी। लोगों में गलत धारणा है कि जीएसटी में आने से पेट्रोल और डीजल की कीमत काफी कमी होगी।
कीमत बढ़ने की वजह : तेल निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) का तेल का कम उत्पादन और केंद्र-राज्य सरकार की कर प्रणाली है।