मुख्य समाचार

प्रशासनिक तंत्र सशक्त होने से लोकतंत्र में बढ़ेगा विश्वास

पटना/बिहार कारोबार न्यूज। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि प्रशासनिक तंत्र जितना सशक्त़ होगा, लोगों का लोकतंत्र में उतना ही विश्वास बढ़ेगा। समस्याओं के समाधान होने से लोगों में संतोष का भाव आता है। प्रशासनिक सुधार के क्षेत्र में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के आने से काफी काम हुआ हैै। इस अधिनियम के तहत दो साल में 3 लाख 25 हजार लोगोें ने आवेदन दिया हैै। उक्त जानकारी मुख्यमंत्री ने अधिवेशन भवन में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के दो वर्ष पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में दी।

भूमि विवाद एवं पुलिस विभाग के मामले अधिक : मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकतर मामले भूमि विवाद एवं पुलिस विभाग से संबंधित हैं । 35 से 40 फीसदी मामले भूमि विवाद के हैं। इनके निबटारे के लिए सर्वे सेेटेलमेंट का काम हो रहा है। शिकायतों के निराकरण के साथ यह विश्लेषण करने की जरूरत है कि शिकायत की नौबत ही नहीं आए। इसके लिए विभाग के सिस्टम कोे दुरुस्त करना होगा। खास कर आंतरिक व्यवस्था ठीक करनी होगी। 

प्रचार-प्रसार से होगा लाभ : लोगों को प्रचार के माध्यम से क्षेत्रीय व सहज भाषा में लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम की जानकारी देनी चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। सफल परिवादियों के अनुभवों को लोगों से साझा करें। इस काम में टीवी, न्यूज पेपर व सोशल मीडिया मददगार होंगे।

उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी अपने विचारों को रखा। 

सफल परिवादियों ने साझा किया अनुभव : अधिनियम के प्रभाव एवं इससे मिली राहत के संबंध में सफल परिवादी बांका के अवनीकांत, किशनगंज के राकेश कुमार बसाक, मनेर की कांति देवी एवं शिवहर के प्रमोद कुमार रजक ने अनुभवों को बताया। 

सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के लिए सम्मानित : अधिनियम के क्रियान्वयन में सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के लिए जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, शिवहर के मनन राम, बांका के कन्हैया प्रसाद श्रीवास्तव, किशनगंज के यशस्पति मिश्रा, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रशासनिक अधिकारी मनोरंजन कुमार, कुमार विजेंद्र एवं सतीश रंजन सिन्हा को सीएम ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। 

इस अवसर पर मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी केएस द्विवेदी, विकास आयुक्त शशि शेखर शर्मा, राजस्व पर्षद अध्यक्ष  सुनील कुमार सिंह, विभागीय जांच आयुक्त सुभाष शर्मा, प्रधान सचिव आमिर सुबहानी, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसायटी की डाॅ प्रतिमा एस कुमार, सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव अतीश चंद्रा एवं मनीष कुमार वर्मा समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे ।
 


संबंधित खबरें