छपरा । बिहार में पहली बार छपरा में बन रहे डबल डेकर फ्लाईओवर का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 11 जुलाई को किया। 411 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे फ्लाईओवर का निर्माण चार वर्षों में पूरा होगा। 3.5 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण शहर के गांधी चौक से नगरपालिका चौक तक होगा। इसकी लंबाई मुंबई स्थित फ्लाईओवर (1.8 किमी) से भी अधिक है।
पुलिस लाईन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि आबादी बढ़ने से वाहनों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में एलिवेटेड रोड के अलावा कोई दूसरा उपाय नहीं हैै। बिहार में मोटरसाइकिल की सर्वाधिक बिक्री होती है। सारण, सीवान और गोेपालगंज में अन्य इलाकों की अपेक्षा बिक्री अधिक हैै।
फ्लाईओवर के बन जाने से लोगों को जाम से निजात मिलेगी। डबल डेकर के इस आइडिया के लिए उन्होंने पथ निर्माण विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क निर्माण के साथ उसकी देखभाल की भी व्यवस्था कर रही है। इसके लिए मेंटेनेंस पाॅलिसी है। सड़कों की तरह पुलों के मेंटेनेंस की भी व्यवस्था होगी। अगले पांच साल में सूबे के हर गांव को पक्की सड़क से जोड़ने का लक्ष्य है। इसके लिए अतिरिक्त ब्याज पर ऋण लेकर काम हो रहा है।
डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि तीन माह में मढ़ौरा रेल कारखाना शुरू हो जाएगा। उन्होंने बिहार की कई परियोजनाओं पर भी चर्चा की।
इस मौके पर पथ निर्माण एवं स्वास्थ्य मंत्री, सांसद राजीव प्रताप रूडी, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल व जनक राम, स्थानीय विधायक, प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा, परिवहन सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी, डीआईजी, डीएम एवं एसपी समेत कई गण्यमान्य मौजूद थे।