मुख्य समाचार

सामाजिक वानिकी के तहत होगा 50 लाख पौधारोपण 

पटना । वन महोत्सव (1-10 अगस्त) के दौरान ग्रामीण विकास विभाग मनरेगा के तहत सामाजिक वानिकी कार्यक्रम के अंतर्गत 50 लाख पौधा लगायेगा। यह पर्यावरण व वन विभाग की ओर से किए जाने वाले 1 करोड़ पौधारोपण के अतिरिक्त होगा। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी की अध्यक्षता में पर्यावरण व वन विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग की उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। 

मनरेगा के अंतर्गत सामाजिक वानिकी के तहत सरकारी व निजी जमीन पर 200 पौधे की दर से 25 हजार इकाई में पौधारोपण का लक्ष्य है। सभी पौधे बांस के गैबिनयन के अंदर लगाये जायेंगे। पौधों की सुरक्षा के लिए प्रति इकाई (200 पौधा) दो वनपोषक होंगे, जिन्हें प्रति माह मनरेगा के अंतर्गत 8 मानव दिवस की मजदूरी यानी प्रति मजदूर 1400 रुपये का भुगतान किया जायेगा। 

निजी जमीन पर भी मनरेगा के अंतर्गत प्रति इकाई 200 पौधे का रोपण किया जायेगा। अगर एक किसान के पास 200 पौधे लगाने लायक जमीन नहीं होगी, तो दो या तीन किसानों का एक कलस्टर बना कर पौधे लगाये जायेंगे और उसकी देखभाल की जिम्मेवारी किसानों की होगी। निजी भूमि पर केवल फलदार पौधे भी लगाये जा सकते हैं। निजी, सरकारी व सामुदायिक भूमि पर लगाये जाने वाले पौधों को पानी देने के लिए दो इकाई पर एक चापाकल या ट्रॉली सह पानी की टंकी की व्यवस्था की जायेगी। 

वन महोत्सव के दौरान ग्रामीण विकास विभाग प्रदेश में सघन पौधारोपण के लिए पर्यावरण व वन विभाग से समन्वय स्थापित कर अभियान चलायेगा। बैठक में पर्यावरण व वन विभाग के प्रधान सचिव, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक शामिल थे।
 


संबंधित खबरें