मुख्य समाचार

इनोवेशन से जुड़े किसानों को प्रोत्साहित करेगी सरकार

पटना । इनोवेशन (नवाचार) से जुड़े बिहार के किसानों को एक प्लेटफाॅर्म पर लाकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित करेगी। उनके इनोवेशन का राज्यहित में उपयोग होगा। विज्ञापन के माध्यम से इनोवेशन से जुड़े किसान, उद्यमी एवं संस्थाओं से आवेदन मांगा जाएगा। समीक्षा के बाद प्रभावी नवाचारों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने की योजना है। 

120 किसानों के साथ हुई वार्ता : बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय किसान विज्ञान कांग्रेस के नतीजों के बाद कृषि विभाग ने कई निर्णय लिए हैं। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने राष्ट्रीय किसान विज्ञान कांग्रेस में सूबे के 120 नवाचार किसानों के साथ बैठक कर उनके सुझाव लिये एवं शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

नवाचार शोध फंड के लिए 5 करोड़ राशि देने का अनुरोध : नवाचार कृषक संघ बनाने में बिहार कृषि विश्वविद्यालय से सहयोग मांगा गया है। कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय में नवाचार शोध फंड बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये देने का अनुरोध किया। डाॅ प्रेम ने इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव विभाग को शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ।

नवाचार किसानों के सुझाव : फारमर्स प्रोड्यूसर कंपनी को बीज एवं खाद बेचने का लाइसेंस देना, बिस्कोमान की जगह इफको से सीधे खाद की व्यवस्था, राज्य बागवानी मिशन के द्वारा पूर्व में निर्मित पाॅली हाउस एवं शेड नेट के जीर्णोद्धार के लिए अनुदान, मधुमक्खी बाॅक्स पर अनुदान को बढ़ाना, जैविक कृषकों को पटना में सरकारी स्तर पर दुकान उपलब्ध कराना ताकि जैविक उत्पाद का अच्छा मूल्य मिल सके, वर्मी कम्पोस्ट का अनुदानित दर बढ़ाना, ड्रेगन फ्रूट की खेती पर अनुदान, जैविक कीटनाशक को बेचने के लिए एफसीए से मुक्त करना, नाबार्ड हाट के लिए सरकारी स्तर पर जमीन की व्यवस्था, कृषि उपादन समय पर उपलब्ध कराना, कृषक क्लब को छोटे-छोटे ऋण की मदद, आवारा पशुओं के लिए पशु थाना का निर्माण, प्रखंड आत्मा अध्यक्ष को बामेती द्वारा प्रशिक्षण एवं कैनाल से सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना शामिल है।
 


संबंधित खबरें