मुख्य समाचार

बिहार कृषि विश्वविद्यालय को एक्सप्रेस टेक्नोलॉजी अवार्ड

 सबौर (भागलपुर)। सूचना एवं संचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर को प्रतिष्ठित एक्सप्रेस टेक्नोलाॅजी सभा अवार्ड मिला है। यह अवार्ड विशाखापत्तनम में 9-11 अगस्त, 2018 तक चले एक्सप्रेस टेक्नोलाॅजी सभा के दौरान दिया गया। अवार्ड ई-गवर्नेंस में किये गये कार्यों के लिए दिया जाता है। विश्वविद्यालय की तरफ से यह अवार्ड मीडिया सेंटर के प्रभारी ईश्वर चंद्र और सहायक प्राध्यापक डॉ एस राघवन ने प्राप्त किया।  

इंडियन एक्सप्रेस समूह ने यह अवार्ड विभिन्न कटेगरी में कई सरकारी विभाग और संस्थाओं को दिया। आंध्र प्रदेश क्राइम ब्यूरो, राजस्थान व केरल सरकार, भारत सरकार ई मार्केट प्लेस एवं केरल पुलिस विजेता रहे। बिहार कृषि विश्वविद्यालय को यूनिफाईड कटेगरी के अंतर्गत अवार्ड मिला है। अवार्ड आधार के डायरेक्टर और आंध्रप्रदेश सरकार के परामर्शी जे सत्य नारायण ने दिया।

कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह का कहना है कि विश्वविद्यालय सूचना एवं संचार तकनीक में देश में अग्रणी है। यहां जिस प्रकार से किसान वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से जुड़कर वैज्ञानिकों से सलाह लेते हैं। ऐसा मॉडल देश में शायद ही कहीं है। एक्सप्रेस टेक्नोलॉजी सभा ने हमारे योगदान पर मुहर लगाते हुए यह अवार्ड दिया। 

प्रसार शिक्षा निदेशालय के निदेशक डॉ आर के सोहाने ने बताया कि विश्वविद्यालय का हाईटेक सूचना एवं संचार तंत्र न सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया में पहुंचा। विश्वविद्यालय की बनी फिल्मों को देखकर दुनिया के किसान खेती सीख रहे हैं। टेक्नोलॉजी सभा अवार्ड इसी का प्रतिफल है। 
 


संबंधित खबरें