मुख्य समाचार

सीएम नीतीश ने कहा, मैंने अपना अभिभावक खो दिया

पटना । बिहार के सभी राजनीतिक दलों ने अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है । अपने व्यक्तित्व की बदौलत उन्होंने राजनीतिक सीमाओं केे परे सभी का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया ।

मुख्यमंत्री : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन कोे व्यक्तिगत क्षति बताया है । उन्होंने कहा कि उन्हें सदैव अटल जी का स्नेह एवं मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा तथा उनसे सार्वजनिक जीवन में काफी कुछ सीखने को मिला । उन्होंने अपना अभिभावक खो दिया हैै । 

सीएम ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति एवं सभी को इस दुःख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है । अटल बिहारी वाजपेयी के रूप में देश नेे सबसे बड़े राजनीतिक शख्सियत केे साथ ही प्रखर वक्ता, कवि, लेखक, चिंतक, विचारक और करिश्माई व्यक्तित्व कोे खो दिया हैै । उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्शाें की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उन्होंने उच्च शिखर कोे प्राप्त किया । उनके नेतृत्व में देश का चहुंमुखी विकास हुआ तथा विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र केे रूप में अपनी छवि स्थपित की । 

उप मुख्यमंत्री : उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का निधन स्वाधीनता के बाद की भारतीय राजनीति के आकाश पर उदित सबसे चमकीले नक्षत्र का अवसान है । उनके लंबे सार्वजनिक जीवन की शुचिता, अदभुत ओजस्विता से भरी भाषण शैली, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाली कूटनीति और 50 साल के संसदीय जीवन में गढ़े गए शिखर प्रतिमान ध्रुव तारे की तरह सदियों तक मार्गदर्शन करते रहेंगे । 

हम सबके प्रेरणा पुरुष अटल जी काल के कपाल पर अमर गीत लिख गए हैं । अक्सर विनोदपूर्वक स्वयं को बिहारी कहने वाले अटल जी की सरकार में बिहार के मंत्रियों की संख्या सबसे ज्यादा थी। बिहार की जनता की ओर से लोकप्रिय नेता अटल बिहारी वाजपेयी को विनम्र श्रद्धांजलि ।

विधानसभा अध्यक्ष : विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने कहा कि उनके व्यक्तित्व को शब्दों की सीमा में नहीं बांधा जा सकता है । वे राजनीति में अपनी विचारधारा, निष्पक्षता एवं ईमानदारी के लिए हमेशा याद किये जाएंगे । 

          बिहार से सभी केंद्रीय मंत्री एवं राज्य सरकार के मंत्रियों ने अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक जताया है ।

राजद : राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि वाजपेयी जी सरल हृदय, उदार तथा करिश्माई व्यक्तित्व के धनी थे । वे संघर्ष एवं त्याग की प्रतिमूर्ति के साथ कुशल प्रशासक एवं बेबाक नेता थे । तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, मीसा भारती, रामचंद्र पूर्वे, रघुवंश प्रसाद सिंह, जगदानंद सिंह एवं भोला यादव ने भी शोक जताया है । 

कांग्रेस : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व बहुत बड़ा था। उनके निधन से देश ने एक बड़ा उदारवादी, संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखनेवाला नेता खोया है। सदानंद सिंह, प्रेमचंद मिश्रा, मदन मोहन झा, अनिल शर्मा, हरखू झा समेत कई नेताओं ने भी शोक जताया है।

बीआईए एवं बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स : बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन एवं बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केशरी ने कहा कि वाजपेयी जी के निधन से पूरा देश मर्माहत एवं शोक में डूब गया है । उनके जैसा व्यक्तित्व अब शायद ही देश को मिल सके । बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स के अध्यक्ष पीके अ्रग्रवाल ने कहा कि अटल जी आज हमारे बीच में नहीं रहे, लेकिन उनकी प्रेरणा व मार्गदर्शन हर भारतीय को हमेशा मिलता रहेगा । 


संबंधित खबरें