मुख्य समाचार

बिहार से खाड़ी देशों में होगा जैविक सब्जियों का निर्यात

पटना । बिहार से जैविक सब्जियों का निर्यात कुवैत के अलावा अन्य खाड़ी देशों में होगा। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से काम हो रहा है। पटना एयरपोर्ट पर कार्गो सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था हो रही है। इस संबंध में एयरपोर्ट अथाॅरिटी आॅफ इंडिया ने कृषि विभाग को अपनी सहमति दे दी है।

कुवैत के फल एवं सब्जी एसोसिएशन के प्रमुख सलाहकार डाॅ अरशद मोहसीन ने बताया कि हाॅलैंड की एक एजेंसी के सर्वे के मुताबिक बिहार में उत्पादित सब्जियां स्वाद के मामले में बेहतर हैं। इसलिए बाहरी देशों में बिहार की सब्जियों का अधिक मूल्य मिलेगा। वर्तमान में बिहार की तुलना में कुवैत में सब्जियों की कीमत 10 गुना से भी अधिक है। 

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार से मुलाकात में डाॅ मोहसीन ने कहा कि कुवैत में बिहार की सब्जियों की काफी मांग है। डाॅ मोहसीन ने डाॅ प्रेम को अक्टूबर माह में कुवैत आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। कृषि मंत्री ने भी जैविक सब्जियों के निर्यात की प्रक्रिया को मूर्तरूप देने के लिए उन्हें पुनः बिहार आने का  न्योता दिया । 
 


संबंधित खबरें