पटना । टाल क्षेत्र विकास योजना 6 जिलों पटना, नालंदा, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय एवं शेखपुरा में शुरू होगी। इन जिलों के 137481.96 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए 89.88 लाख रुपये स्वीकृत की गई है। टाल क्षेत्र की महत्वपूर्ण फसल दलहन है। कटोरानुमा क्षेत्र होने के कारण बाढ़ या बारिश का पानी धीरे-धीरे निकलता है। साथ ही सितंबर-अक्टूबर के महीने में खरपतवार की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इनके फैलाव को प्रारंभिक अवस्था में ही नियंत्रित करना जरूरी है।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि टाल विकास योजना से राज्य में दलहन का उत्पादन बढ़ेगा एवं पर्यावरण संरक्षण में सुधार होगा। दलहन बुआई के पहले खरपतवारनाशी दवा मूल्य के 50 प्रतिशत अधिकतम 500 रुपये प्रति हेक्टेयर की अनुदानित दर से किसानों को उपलब्ध करायी जायेगी।
टाल क्षेत्र में दलहन फसलों में प्रायः उखड़ा रोग एवं जाला कीट, फलीछेदक कीट से किसानों को काफी नुकसान की आशंका रहती है। इनके प्रबंधन के लिए किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान अधिकतम 500 रुपये प्रति हेक्टेयर पर फफूंदनाशी एवं कीटनाशक दवा उपलब्ध करायी जायेगी।