मुख्य समाचार

गर्दनीबाग में 84.49 करोड़ की लागत से बनेगा बापू टावर  

पटना । प्रस्तावित बापू टावर का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रिमोट के जरिये बापू सभागार से किया। गर्दनीबाग में 84.49 करोड़ की लागत से सात एकड़ जमीन पर जी प्लस 6 टावर का निर्माण होगा। महात्मा गांधी के जीवन की सभी घटनाओं को आकर्षक तरीके से टावर में प्रदर्शित किया जायेगा। उनके दर्शन सेे संबंधित अभिलेख, स्मृति चिह्न एवं कलाकृतियों का भी प्रदर्शन होगा। 

गांधी के 150 वें जयंती समारोह के शुभारंभ पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन समाज कल्याण विभाग ने किया था। चंपारण सत्याग्रह के दौरान बापू के प्रवास एवं कार्यस्थलों से जुडे़ 8 स्थानों पर बापू, राज कुमार शुक्ल एवं कस्तूरबा गांधी की 9 मूर्तियों का भी अनावरण हुआ ।

इन्हें मिला सम्मान : बाल विवाह व दहेज उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी, कर्मियों व किशोर-किशोरियों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाने वालों में नवादा के डीएम कौशल कुमार, एसडीओ वीरपुर सुभाष कुमार, एसडीओ रजौली चंद्रशेखर आजाद, एसडीओ नवादा सदर अनूप कुमार, डीएसपी ममता कल्याणी एवं इमरान परवेज हैं।

समारोह कोे डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, गांधी संग्रहालय के सचिव रजी अहमद, मुख्य सचिव दीपक कुमार एवं शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव आरके महाजन ने भी संबोधित किया।

होमेज टू महात्मा कुटीर का उद्घाटन : गांधी संग्रहालय परिसर में होमेज टू महात्मा कुटीर का उद्घाटन सीएम ने किया। कुटीर में गांधीजी एवं देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले अन्य विभूतियों के चित्र हैं । इस अवसर पर गांधी संग्रहालय के सचिव डाॅ रजी अहमद, सीएम के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह, प्रधान सचिव चंचल कुमार समेत संग्रहालय के कर्मी मौजूद थेे।


संबंधित खबरें