मुख्य समाचार

कृषि विभाग में 2500 से अधिक पदों पर होगी बहाली

पटना । राज्य में आत्मा योजना के अंतर्गत प्रखंड स्तर पर 2500 से अधिक रिक्त पदों पर बहाली होगी। ब्लाॅक टेक्निकल मैनेजर, असिस्टेंट टेक्निकल मैनेजर, लेखापाल एवं अनुसेवक पदों पर तीन माह में नियुक्ति हो जायेगी। उक्त जानकारी कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने दी। वह बामेती में किसान उत्पादक संगठन, किसान हित समूह व महिलाओं के लिए समूहों के गठन पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कार्यक्रम का उद्देश्य प्रखंड स्तर पर 20-25 किसानों को मिलाकर एक किसान हित समूह का गठन करना है। कृषक हित समूह किसानों के आर्थिक विकास के लिए अपनी सेवाएं देता है। समूह में सदस्यों की संख्या कम होने पर किसानों को उचित लाभ नहीं मिल पाता है। भारत सरकार की संस्था लघु किसान कृषि व्यापार संगठन से कृषक उत्पादक संगठन को 10 लाख रुपये तक का अनुदान मिलता है। इसके लिए कृषक उत्पादक संगठन में सदस्यों की संख्या न्यूनतम 50 होनी चाहिए।

हर प्रखंड में औसतन 10 किसान हित समूहों से एक कृषक उत्पादक संगठन के गठन का निर्देश है। किसान उत्पादक संगठन का मुख्य उद्देश्य किसानों के उत्पादन से लेकर विपणन तक की सभी समस्याओं का समाधान करना है। जिलों में अब तक 172 कृषक उत्पादक संगठन तैयार हो चुके हैं। शेष में गठन की प्रक्रिया जारी है। नाबार्ड ने भी 122 कृषक उत्पादक संगठन का गठन किया है। 

कृषि मंत्री ने बताया कि बक्सर जिले के कुछ कृषक उत्पादक संगठन अच्छा काम कर रहे हैं। उनके फाॅर्म को दूसरे कृषक उत्पादक संगठनों को दिखाने का निर्देश है ताकि वे इसका लाभ उठा सकें। कृषि विभाग पांच योजनाओं जैविक खेती को बढ़ावा, किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जल प्रबंधन, बागवानी फसलों के विकास एवं क्लाइमेट स्मार्ट गांवों के विकास पर जोर दे रहा है। रबी मौसम में भी किसान चौपाल का आयोजन कर कृषि जागरूकता अभियान की शुरुआत होगी। किसान ई-मार्केटिंग के माध्यम से अपने उत्पाद को उचित मूल्य पर बेचकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में बामेती के निदेशक डाॅ जीतेंद्र प्रसाद, आत्मा के परियोजना निदेशक समेत बीटीएम एवं एटीएम मौजूद थे। 

 


संबंधित खबरें