मुख्य समाचार

शिक्षा, स्वास्थ्य व कृषि क्षेत्र में इनोवेशन करे आईआईटी

पटना। आईआईटी पटना के छात्रों का आह्वान करते हुए डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य व कृषि क्षेत्र में इनोवेशन करें। इससे ‘साॅल्व फाॅर बिहार’ और ‘साॅल्व फाॅर इंडिया’ के तहत समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने कहा भारत चौथी औद्योगिक क्रांति के लिए तैयार है। इसमें आईआईटी पटना के स्टार्टअप की बड़ी भूमिका होनी चाहिए। वह आईआईटी बिहटा कैंपस में आयोजित ‘स्टार्टअप मास्टर क्लास’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। 

500 करोड़ फंड का प्रावधान : मोदी ने कहा कि बिहार की स्टार्टअप नीति 2016 में 500 करोड़ के काॅरपस फंड का प्रावधान है। हर स्टार्टअप को अधिकतम 10 लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण 10 वर्षों के लिए मिलेगा। एसएमई कलस्टर एवं हब में स्टार्टअप के लिए 10 प्रतिशत स्थान आरक्षित रहेगा। 3 वर्षों के लिए मुफ्त में स्थान उपलब्ध कराने के साथ लाइसेंस में भी 5 वर्ष की छूट मिलेगी। 

57 स्टार्टअप को मिली राशि : स्टार्टअप नीति के तहत अब तक 57 प्रमाणीकृत स्टार्टअप को 1 करोड़ 88 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। 5,442 आवेदनों की समीक्षा के उपरांत 931 आवेदकों को आईआईटी पटना सहित 15 इन्क्यूबेटर संस्थानों के साथ सम्बद्ध किया गया है। 

आईआईटी परिसर में बन रहा इन्क्यूबेशन सेंटर : बिहार व केन्द्र सरकार 15 करोड़ की लागत से आईआईटी पटना के परिसर में 30 हजार वर्गमीटर का दो मंजिला इन्क्यूबेशन सेंटर का निर्माण करा रही है। ‘इलेक्ट्राॅनिक सिस्टम डिजायन एंड मैन्युफैक्चरिंग’ और विशेष कर मेडिकल इलेक्ट्राॅनिक्स के लिए 50 इन्क्यूबेटर को स्थान उपलब्ध कराये जायेंगे।

इस मौके पर आईआईटी के प्रोफेसर समेत छात्र मौजूद थे। 


संबंधित खबरें