पटना । भोजपुरी व हिन्दी फिल्मों के अभिनेता रवि किशन ने बिहार सरकार से भोजपुरी फिल्मों की शूटिंग पर अनुदान देने की मांग की है। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने सरकार की ओर से विचार करने का आश्वासन दिया। फिल्म उद्योग को ध्यान में रखकर राज्य सरकार ने फिल्म सिटी के लिए राजगीर में 20 एकड़ जमीन चिन्हित किया है।
किशन ने डिप्टी सीएम को बताया कि झारखंड सरकार फिल्म की पूरी शूटिंग राज्य के अंदर करने पर शूटिंग खर्च का 30 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश सरकार 40 प्रतिशत निर्माताओं को अनुदान देती हैं। एक साल में क्षेत्रीय फिल्मों में भोजपुरी की 80 से 90 फिल्में बनती हैं, जिसके सर्वाधिक दर्शक बिहार और यूपी में हैं।
किसी फिल्म की शूटिंग के दौरान सौ-डेढ़ सौ लोगों की टीम संबंधित स्थान पर महीनों रहती है। जिसका लाभ होटल, रेस्तरां व परिवहन व्यवसाय को मिलता है। स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलता है। बिहार के बदले माहौल में फिल्म शूटिंग की काफी संभावनाएं हैं। मोदी ने कहा कि 2005 में एनडीए की सरकार बनने के बाद मल्टीप्लेक्स में 1 करोड़ तक निवेश करने वालों को 3 वर्षों तक कर में छूट दी गयी, जिससे उन्हें काफी बढ़ावा मिला।
रवि किशन ने बताया कि फिल्म शूटिंग के लिए बिहार में वाल्मीकिनगर, राजगीर स्थित घोड़ा कटोरा, पावापुरी सहित पटना में बिहार म्यूजियम, ज्ञान भवन, बापू सभागार, सभ्यता द्वार एवं रिवर फ्रंट बेहतरीन लोकेशन हैं। इसके अलावा भी कई स्थल हैं, जो शूटिंग के लिए ठीक हैं।