मुख्य समाचार

15 से होगी धान की खरीद, 40 पैक्सों में लगेगी ड्रायर मशीन

पटना । 15 नवंबर से शुरू हो रही धान की खरीद के लिए चयनित 40 पैक्सों में ड्रायर मशीन लगेगी। इस साल किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 1750 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा। यह पिछले साल से 200 रुपये अधिक है। किसानों की सुविधा के लिए सभी क्रय केंद्रों पर माप-तौल मशीन और नमी मापक यंत्र उपलब्ध कराये गए हैं। सहकारिता मंत्री राणा रणधीर व अधिकारियों के साथ बैठक के बाद डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने जानकारी दी। 

धान की खरीद के लिए राज्य सरकार ने राज्य सहकारी बैंक को 674 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने के साथ 500 करोड़ की बैंक गारंटी दी है। डिप्टी सीएम ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में निबंधन कराने की अपील की है। अब तक 7000 किसानों ने ऑनलाइन निबंधन कराया है। 

धान में 17 फीसदी से अधिक नमी की मात्रा होने पर केंद्र सरकार से नियम को शिथिल करने का राज्य सरकार आग्रह करेगी। खाद्य आपूर्ति विभाग से धान की खरीद शुरू होने से पहले चावल मिल के चयन और टैगिंग के लिए कहा गया है।  

इस साल सभी क्रय केंद्रों पर धान अधिप्राप्ति शुरू होने के पहले बैनर लगा कर किसानों को जागरूक किया जायेगा। पिछले साल 1.65 लाख किसानों से 11.83 लाख मीट्रिक धान की खरीद हुई थी। सहकारी समितियों के पास 10.67 लाख मीट्रिक टन धान भंडारण की क्षमता है जबकि 1.54 लाख मीट्रिक टन क्षमता के भंडारगृह निर्माणाधीण हैं। 
 


संबंधित खबरें