पटना । केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री रामदास अठावले ने फल्गु नदी प्राधिकरण बनाने का सुझाव दिया है। गया की निरंजना नदी में पूरे साल पानी नहीं रहने से श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को प्रस्ताव दिया गया है। रामदास अठावले सामाजिक न्याय मंत्रालय की योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा के लिए पटना आए थे। समीक्षा के बाद वह प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।
बिहार से करीबी रिश्ता : केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बुद्ध की भूमि होने के नाते बिहार से उनका करीबी रिश्ता है। बिहार सरकार बोधगया व अन्य बौद्ध स्थलों के विकास के लिए अच्छा काम कर रही है। बौद्ध सर्किट सड़क निर्माण के लिए 10,000 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे सभी बौद्ध स्थलों को जोड़ने में सुविधा होगी। पटना-गया फोरलेन निर्माण को महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जतायी कि यह शीघ्र पूरा होगा।
पेट्रोल-डीजल को जीएसटी में लाने पर जोर : पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत से जनता को राहत देने के लिए इसे जीएसटी के दायरे में लाने की जरूरत बताई। राज्य सरकारों के साथ इस मसले पर सहमति के लिए आवश्यक चर्चा हो रही है।
एससी-एसटी के बढ़ रहे मामलों पर चिंता : बिहार में एससी-एसटी (अत्याचार निरोधक) अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की बढ़ती संख्या पर केंद्रीय मंत्री ने चिंता व्यक्त की। 2014 में 6560 मामले, 2015 में 6372, 2016 में 5730, 2017 में 6826 और 2018 में अब तक 4517 मामले दर्ज हुए हैं।
उन्होंने उम्मीद जतायी कि राज्य सरकार दलितों की सुरक्षा और विकास के लिए और बेहतर काम करेगी। 1234 अनुसूचित जातियों में 23 बिहार की हैं। इनके कल्याण व सशक्तिकरण के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा।