मुख्य समाचार

जीवनदायिनी गंगा को स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य

पटना/28.10.18 । टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) की चीफ पद्मश्री बछेंद्री पाल का कहना है कि जीवनदायिनी गंगा को स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य है। अभियान का उद्देश्य लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करना है। पटना से पहले बक्सर के गंगा तट से 3800 स्कूली बच्चों व 500 स्वयंसेवकों की मदद से 3.5 टन कचरा टीम ने हटाया है। हरिद्वार में 5 अक्टूबर से शुरू राफ्टिंग अभियान का समापन 30 अक्टूबर को पटना में होगा।

नेशनल मिशन फाॅर क्लीन गंगा (एनएमसीजी) के तहत बछेंद्री पाल 40 सदस्यों के साथ 28 अक्टूबर, 2018 को पटना के गांधी घाट पहुंची । टाटा स्टील के अधिकृत वितरक बीएमडब्ल्यू वेंचर्स के एमडी विजय कुमार किशोरपुरिया ने गांधी घाट पर सभी का स्वागत किया। टीम 30 अक्टूबर तक पटना में स्वच्छता अभियान के कई कार्यक्रमों में शामिल होगी। अभियान में घाटों की सफाई, गंगा आरती, स्कूली बच्चों को जागरूक करना एवं गांधी मैदान में स्वच्छता रैली का आयोजन शामिल है। 

मिशन गंगा टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) और नेशनल मिशन फाॅर क्लीन गंगा (एनएमसीजी) का संयुक्त प्रयास है। देश की पहली महिला पर्वतारोही एवं टीएसएएफ की चीफ बछेंद्री पाल के नेतृत्व में 40 सदस्य इस अभियान में हैं। टीम में 7 पर्वतारोहियों में प्रमेलता अग्रवाल, हेमंत गुप्ता, आरएस पाल, चेतना साहू, विनिता सोरेन, पूनम रेना एवं स्वर्णलता दलाई हैं।    

हरिद्वार से पटना के बीच करीब 1500 किलोमीटर की दूरी राफ्टिंग के जरिये तय की गई। इस बीच छह प्रमुख शहर बिजनौर, फर्रूखाबाद, कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी एवं बक्सर शहरों के गंगा तटों पर सफाई अभियान टीम ने पूरा किया।    
 


संबंधित खबरें