पटना/24.11.18 । सूबे में खनन, मद्य निषेध व पटना शहर की जल निकासी की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग में विस्तृत समीक्षा की । बैठक में संबंधित विभागों को कई निर्देश दिये गये।
खनन : खान एवं भूतत्व विभाग को सीएम ने बालू की बढ़ी कीमत की समीक्षा का निर्देश दिया । उन्होंने प्रधान सचिव से पूछा कि जिन्हें लीज दिया गया है क्या वे सबलीज देकर मनमाने दर पर बालू तो नहीं बेच रहे हैं । उन्होंने हर पहलुओं की जांच का निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को बालू की अधिक कीमत नहीं देनी पड़े । बैठक में डिप्टी सीएम, विभागीय मंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी, प्रधान सचिव अंशुली आर्या, सचिव असंगवा चुवाआवो समेत सीएम सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
ड्रेनेज सिस्टम : मुख्यमंत्री ने 17 नवंबर को नाले में गिरे दीपक (10) को लेकर चलाए जा रहे सर्च आॅपरेशन की पूरी जानकारी नगर विकास विभाग से ली । सीएम ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की दिशा में हरसंभव कार्रवाई का निर्देश दिया । उन्होंने डीएम को पीड़ित परिजन को तत्काल 4 लाख का अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने मेन होल कवर करने को लेकर पाॅलिसी बनाने का सुझाव दिया ।
पटना नगर निगम के आयुक्त अनुपम कुमार सुमन ने बताया कि 30 दिसंबर तक सभी खुले मेन होल बंद हो जायेंगे । डीएम को राजधानी की सड़कों पर विचरते आवारों पशुओं को पकड़कर गौशाला में रखने का फिर से निर्देश मिला। बैठक में नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा भी मौजूद थे।
मद्य निषेध : आईजी (मद्य निषेध) रत्न संजय ने मद्य निषेध कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। सीएम ने शराब के धंधे से जुड़े लोगों के नेटवर्क तक पहुंचनेे एवं इस कार्य में मदद करे रहे सरकारी कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया । उन्होंने डीएम एवं एसपी को समन्वय बनाकर मद्य निषेध कार्य में तीव्रता से काम करने की नसीहत दी । बैठक में अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, एडीजी जेएस गंगवार, उत्पाद आयुक्त आदित्य कुमार दास भी उपस्थित थे।