मुख्य समाचार

घोड़ा कटोरा झील, राजगीर 

राजगीर (नालंदा) के घोड़ा कटोरा झील स्थित भगवान बुद्ध की 70 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण 25 नवंबर, 2018 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया । यह देश की दूसरी सबसे ऊंची प्रतिमा है । पत्थर से निर्मित प्रतिमा धर्मचक्र प्रवर्तन मुद्रा में है और इसमें गुलाबी सैंड स्टोन लगा है । झील की सतह में 16 मीटर गोलाई का पेडस्टल बना है, जिस पर प्रतिमा स्थापित की गई है। इस कार्य में पर्यटन व जलसंसाधन विभाग का योगदान है।

घोड़ा कटोरा प्राकृतिक झील है, जो पंच पहाड़ी के बीच में है । यहां का वातावरण काफी मनोरम है । भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित होने से टूरिस्ट यहां आएंगे और झील की सैर करेंगे । समीप में एक पार्क भी बन रहा है।

ईको टूरिज्म के ख्याल से यह क्षेत्र काफी महत्वपूर्ण है । यहां पेट्रोल-डीजल चालित वाहनों के परिचालन पर रोक है । पर्यटक ई वाहन, साइकिल और टमटम से सैर कर सकेंगे । इस क्षेत्र का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व भी है। भगवान बुद्ध वेणुवन में बारह वर्षों तक रहे । गृद्धकुट पर्वत से उन्होंने उपदेश दिये। 

इस मौके पर डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, पर्यटन एवं ग्रामीण विकास मंत्री, क्षेत्र के सांसद व विधायक, बीटीएमसी के सचिव एन. दोरजे, महाबोधि टेंपल के चीफ मोंक भंत्ते चालिंदा, प्रधान सचिव रवि मनु भाई परमार व चंचल कुमार समेत कई गण्यमान्य मौजूद थे।  
 


संबंधित खबरें