नई दिल्ली/एजेंसी/28.11.18। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत शहरी गरीबों के लिए और 2,05,442 सस्ते मकान बनाने को मंजूरी दी है। बिहार के लिए 26,880 आवास जबकि महाराष्ट्र के लिए 1,16,042 को स्वीकृति दी गई। इसी तरह कर्नाटक के लिए 31,657, तमिलनाडु के लिए 15,529 और जम्मू एवं कश्मीर के लिए 15,334 आवासों को स्वीकृति दी गई।
केंद्रीय मंजूरी और निगरानी समिति (सीएसएमसी) की बैठक में इसे मंजूरी दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत स्वीकृत आवास की संख्या अब 65 लाख से अधिक हो गई है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में 7,391 करोड़ रुपये की लागत की 392 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई, जिनमें 3,082 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता शामिल है।