पटना/ 06.12.18 । किसानों से धान की खरीद (अधिप्राप्ति) को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 1 अणे मार्ग में समीक्षा बैठक हुई । सीएम ने अधिकारियों को अधिप्राप्ति का काम सुचारू रूप से चलाने का निर्देश दिया, जिससे किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके ।
समीक्षा में यह बात आयी कि धान अधिप्राप्ति का इस साल का लक्ष्य केंद्र सरकार ने मात्र 12 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया है, जबकि पिछले साल यह 30 लाख मीट्रिक टन था। सीएम ने इस संदर्भ में केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान से बात की। धान अधिप्राप्ति लक्ष्य को पहले की तरह निर्धारित करने एवं बकाया राशि भुगतान का अनुरोध किया ।
अभी धान में नमी की मात्रा अधिक है । इस कारण अधिप्राप्ति के लिए नमी के मानकों को कम करने पर भी केंद्रीय मंत्री से बात हुई । सभी बिंदुओं पर शीघ्र निर्णय करने का अनुरोध किया गया ताकि धान खरीद के काम में तेजी लायी जा सके ।
बैठक में सहकारिता मंत्री, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, अपर मुख्य सचिव अतुल प्रसाद, प्रधान सचिव एस.सिद्धार्थ, सचिव मनीष कुमार वर्मा व पंकज कुमार एवं निबंधक सहयोग समितियां रचना पाटिल उपस्थित थे ।