भागलपुर/15.12.18 । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि युवा अपने लक्ष्य पर ध्यान दें । नई पीढ़ी के पास अच्छी समझ है । युवा अपनी शक्ति का सदुपयोग करते हुए परिवार, समाज, राज्य एवं देश को आगे बढ़ाएं । युवा शक्ति के बल पर बिहार एक बार फिर गौरव प्राप्त करेगा । वे सैंडिश कंपाउंड में रोजगार सह अप्रेंटिस मेला समारोह को संबोधित कर रहे थे । रोजगार के लिए चयनित उम्मीदवारों को उन्होंने शुभकामनाएं भी दी ।
सीएम ने कहा वर्तमान युग में कौशल विकास का काफी महत्व है । राज्य सरकार ने एक करोड़ युवाओं को हुनरमंद बनाने का लक्ष्य रखा है । इसके लिए सभी विभाग कौशल विकास की माॅनिटरिंग कर रहे हैं । इस दिशा में श्रम संसाधन विभाग बेहतर काम कर रहा है ।
कई कंपनियों के यहां आने से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे । इस मेले का आकर्षण यह है कि नई पीढ़ी को प्रत्यक्ष रोजगार के कई आयाम की जानकारी मिल रही है । भारत सरकार ने स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम चलाया है और बिहार सरकार भी कौशल विकास मिशन के जरिये इस काम को मिशन मोड में कर रही है। एक करोड़ युवाओं को हुनरमंद बनाने का लक्ष्य है ।
सीएम ने कहा युवाओं को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए सरकार गंभीर है । राज्य का जीईआर (ग्राॅस एनराॅलमेंट रेसियो) 13.9 प्रतिशत और देश का जीईआर 24 प्रतिशत है । राज्य शिक्षा वित्त निगम के माध्यम से युवाओं की सहायता की जा रही है । श्रम विभाग ने प्रस्ताव दिया है कि बिहार के बाहर जिन युवाओं को रोजगार मिल रहा है उनके ठहरने, खाने-पीने एवं अन्य सुविधाओं में सहयोग के लिए प्रवास केंद्र खोला जाये । दिल्ली व मुंबई में इसकी शुरुआत हो रही है।
कार्यक्रम को जल संसाधन मंत्री, श्रम संसाधन मंत्री एवं विभाग के प्रधान सचिव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कई विधायक, सीएम के सचिव व ओएसडी, प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी, डीआईजी, डीएम एवं एसएसपी, एनएसडीसी के निदेशक, कंपनियों के अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।