मुख्य समाचार

फाउंडेशन ने प्रजनन व बौनापन के आंकड़ों पर जतायी चिंता

सिएटल (यूएसए)/16.12.18 । बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने बिहार के प्रजनन दर एवं बौनापन के आंकड़ों पर चिंता व्यक्त की है। हालांकि सिएटल स्थित अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय ने टीकाकरण, मातृत्व, नवजात एवं शिशु मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव एवं छह माह तक के बच्चों के स्तनपान प्रगति की प्रशंसा की है। फाउंडेशन की स्थापना का उद्देश्य  वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार एवं गरीबी को कम करना है। 

डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने फाउंडेशन को बताया कि मातृत्व मृत्यु दर में कमी के लिए जिला व अनुमंडलीय अस्पतालों में पर्याप्त रक्त भंडारण एवं सिजेरियन ऑपरेशन के लिए व्यवस्था की जाएगी।

शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए अनुमंडल अस्पतालों में नवजात शिशु वार्ड की स्थापना एवं कम वजन वाले नवजात बच्चों की ट्रैकिंग व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। प्रजनन दर कम करने के लिए बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ बाल विवाह रोकने, परिवार नियोजन के नए साधनों को अपनाने एवं अधिकतम दो बच्चों के लिए प्रेरित करने का काम हो रहा है।

मंत्रियों ने 2025 तक यक्ष्मा, 2020 तक कालाजार उन्मूलन एवं 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता जाहिर की। टीबी उन्मूलन में निजी क्षेत्र की भागीदारी तथा डेंगू, चिकनगुनिया, जाइका एवं इंसेफ्लाइटिस उन्मूलन के लिए विश्व मे चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की भी चर्चा हुई।
 


संबंधित खबरें