मुख्य समाचार

फुटवियर डिजाइन संस्थान का केंद्रीय मंत्री ने किया उद्घाटन 

पटना/24.12.18 । बिहटा में फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट का औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने किया । यह देश का 12 वां संस्थान है । यहां फुटवियर डिजाइन-प्रोडक्शन एवं फैशन डिजाइन के 3 और 4 साल के कोर्स में प्रतिवर्ष 300 छात्र-छात्राएं प्रशिक्षण ले सकेंगे । 

डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बताया कि संस्थान को राज्य सरकार ने निःशुल्क 10 एकड़ जमीन उपलब्ध करायी है। 115.95 करोड़ की लागत से निर्मित संस्थान में कटिंग, फिनिशिंग व कंप्यूटर डिजाइन के लिए आधुनिक मशीन लगी है । भव्य भवन एवं परिसर के साथ छात्रावास का निर्माण भी कराया गया है । 

उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यहां 14 करोड़ की लागत से ‘चर्म उद्योग में उत्कृष्टता व नवाचार’ को बढ़ावा देने के लिए  ‘सेंटर ऑफ एक्सलेंस’ की स्थापना की जायेगी । अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण देने के लिए संस्थान ने इंग्लैंड और इटली के प्रसिद्ध संस्थानों से समझौता किया है। 

फुटवियर मैन्युफैक्चरिंग एवं लेदर प्रोडक्ट के अल्पकालीन पाठ्यक्रम के तहत अभी तक यहां एक हजार से ज्यादा लोगों को प्रशिक्षित किया जा चुका है । बिहार में चमड़े की उपलब्धता को देखते हुए संस्थान का उद्देश्य फुटवियर व अन्य सामान को तैयार करने के लिए लोगों को प्रशिक्षित करना है । इससे चमड़े पर आधारित उद्योग यहां लग सकेंगे ।
 


संबंधित खबरें