मुख्य समाचार

2200 एकड़ जमीन मिलने से निवेश को मिलेगा बढ़ावा

पटना/26.12.18 । सूबे की बंद चीनी मिलों की 2200 एकड़ जमीन मिल जाने से राज्य में निवेश की समस्या कम हो जायेगी । बिहार में जमीन की उपलब्धता कम है । इस कारण बाहरी निवेश में परेशान आ रही है । डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने उक्त जानकारी बिहार उद्योग संघ के प्लेटिनम जुबली समारोह में दी । 

उन्होंने कहा आईटीसी बिहार में नये क्षेत्र में निवेश के लिए इच्छुक है । सरकार इसके लिए जमीन उपलब्ध करायेगी । ब्रिटानिया कंपनी को बिहटा में जमीन दी गई है। निवेश के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना पर सरकार काम कर रही है । सड़क एवं बिजली के क्षेत्र में काफी काम हुआ है ।  

डिप्टी सीएम ने कारोबारियों को आश्वस्त किया कि क्राइम कंट्रोल के लिए सरकार प्रतिबद्ध है । युवा व्यवसायी की हत्या में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी को सरकार ने चुनौती के रूप में लिया है । पिछले 5 वर्षों में अपराध के आंकड़ों में कमी आयी है । 

जीएसटी काउंसिल छोटे कारोबारियों की सुविधा के लिए निबंधन की सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 75 लाख करने पर विचार कर रही है । रियल एस्टेट एवं सर्विस सेक्टर की जीएसटी से संबंधित परेशानी भी शीघ्र दूर होगी। 

उद्योग मंत्री : उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री का बीआईए के लिए शुभकामना संदेश पढ़कर सुनाया । स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समारोह में नहीं आ सके । 

बीआईए : बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केशरी ने 1943 से संघ के अब तक सफर का ब्योरा दिया । उद्यमी पंचायत फिर से शुरू करने के लिए सरकार की सराहना की । साथ ही सीआईएसएफ के तर्ज पर एसआईएसएफ गठन का प्रस्ताव दिया। 

इस मौके पर संघ के उपाध्यक्ष संजय भरतिया व आरसी गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष आरएल खेतान, संघ के सदस्य समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे ।   
 


संबंधित खबरें