मुख्य समाचार

मढ़ौरा डीजल रेल इंजन फैक्ट्री का पीएम करेंगे उद्घाटन

पटना/18.01.2019 । मढ़ौरा (सारण) स्थित डीजल लोकोमोटिव फैक्ट्री का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र औपचारिक उद्घाटन करेंगे। जानकारी जीई ट्रांसपोर्टेशन के एमडी संदीप सिलोट ने डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी को दी। 200 एकड़ में बनी डीजल लोकोमोटिव फैक्ट्री में जीई कंपनी और रेलवे की 74 और 26 प्रतिशत की संयुक्त साझेदारी है। इस पर लागत 700 करोड़ है। 

डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रतिवर्ष 120 डीजल इंजन की उत्पादन क्षमता की इस फैक्ट्री में सितंबर 2018 से उत्पादन शुरू हो गया है। 10 साल में 18 हजार करोड़ कीमत की 1 हजार डीजल इंजन भारतीय रेलवे को आपूर्ति करने का लक्ष्य है। फैक्ट्री में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर 5 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है। 200 से ज्यादा बिहार के पाॅलिटेक्निक काॅलेजों से उत्तीर्ण छात्रों को जेई में नियोजन का अवसर मिला है।

2014 में मोदी सरकार ने मढ़ौरा डीजल और मधेपुरा इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव कारखाने का टेंडर निकाल कर 3 साल में सभी औपचारिकताएं पूरी की। निर्माण कार्य पूरा होने के साथ उत्पादन भी शुरू हो गया। मढ़ौरा डीजल लोकोमोटिव फैक्ट्री निर्माण के लिए जीई कंपनी और भारतीय रेलवे के बीच 30 नवंबर, 2015 को समझौता हुआ था। 
 


संबंधित खबरें